
खबर खुलेआम
रायगढ़/धरमजयगढ़। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के राशन में गड़बड़ी और शासकीय खाद्यान्न के गबन के मामले में रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। धरमजयगढ़ विकासखंड के ससकोबा और गनपतपुर शासकीय उचित मूल्य दुकानों में जांच के दौरान कुल 31 लाख 75 हजार रुपये से अधिक कीमत के चावल, शक्कर और नमक की कमी सामने आई है। खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर रैरूमाखुर्द चौकी पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
ग्राम ससकोबा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 की 3 सितंबर 2026 को जांच की गई। भौतिक सत्यापन में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम पाया गया। इन खाद्यान्नों की कुल कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये आंकी गई है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अगस्त 2026 में कुछ हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन में फिंगर लगवाने के बाद उन्हें राशन वितरित नहीं किया गया। खाद्य विभाग की रिपोर्ट के आधार पर इसे सार्वजनिक वितरण प्रणाली के नियमों का उल्लंघन माना गया।मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने अध्यक्ष उमाबाई राठिया (45) और सचिव माधुरी बाई राठिया (44) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं विक्रेता बिहारी राठिया फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

इसी तरह ग्राम गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 की जांच में भी बड़े पैमाने पर खाद्यान्न की कमी सामने आई। भौतिक सत्यापन में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक कम मिला, जिसकी कुल कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये है। जांच में दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज खान द्वारा किया जाना पाया गया। मामले में खाद्य विभाग के जांच प्रतिवेदन और पंचनामा के आधार पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी अभी शेष है। रैरूमाखुर्द चौकी, थाना धरमजयगढ़ में दोनों मामलों में क्रमशः अपराध क्रमांक 288/2026 और 289/2026 के तहत धारा 3 एवं 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामलों की विवेचना जारी है।पुलिस के अनुसार ससकोबा मामले में फरार विक्रेता बिहारी राठिया, जबकि गनपतपुर मामले में रूबीना खान, शाहिन खान और शहनवाज खान की गिरफ्तारी शेष है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि गरीब और जरूरतमंद हितग्राहियों के लिए शासन द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले राशन में किसी भी तरह की हेराफेरी या गबन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस और प्रशासन की कड़ी निगरानी है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









