
डेस्क खबर खुलेआम
गणेश भोय, जिला ब्यूरो जशपुर
जशपुर। अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर कांसाबेल आ रही सुपर डीलक्स बस कांसाबेल-बगीचा स्टेट हाईवे पर सरहापानी के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि बस का पट्टा टूट जाने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और देखते ही देखते बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक CG 15 AB 4828 में महिलाएं, बच्चे, पुरुष और बुजुर्गों समेत करीब 20 से 22 यात्री सवार थे। बस कंडक्टर के मुताबिक, सफर के दौरान अचानक पट्टा टूट गया, जिससे बस अनियंत्रित हो गई और सरहापानी के पास पलट गई।

हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री की जान नहीं गई। दुर्घटना में कुछ यात्रियों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल यात्रियों को उपचार के लिए नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बस का पट्टा टूटना दुर्घटना की वजह बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सड़क पर पलटी बस और उसके आसपास बिखरा सामान हादसे की भयावहता बयां कर रहा था। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। समय रहते यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।









