
खबर खुलेआम
घरघोड़ा, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर तालुका विधिक सेवा समिति घरघोड़ा एवं जिला एवं अपर सत्र न्यायालय घरघोड़ा के संयुक्त तत्वावधान में न्यायालय परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व माननीय श्री अभिषेक शर्मा ने किया।इस अवसर पर अधिवक्ता संघ घरघोड़ा के सदस्य, न्यायालयीन अधिकारी-कर्मचारी तथा पैरालीगल वालंटियर्स बड़ी संख्या में शामिल हुए। योग शिक्षिका विजया पंडा ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग के महत्व और स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

योग शिक्षिका के मार्गदर्शन में उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बताया गया कि नियमित योग शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ मानसिक तनाव को दूर कर सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास और एकाग्रता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।वक्ताओं ने कहा कि योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, संतुलित और निरोग जीवन प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार और समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।उत्साह और सहभागिता से परिपूर्ण यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।












