

डेस्क | खबर खुलेआम
गणेश भोय जिला ब्यूरो जशपुर
जिले में रविवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया, जहां दशकर्म से लौट रहे पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुआ, जिसने पूरे इलाके में शोक की लहर फैला दी।मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड के गुमला निवासी जितना मुंडा और उनके पुत्र बीरेंद्र मुंडा अपने परिचित रामदयाल मुंडा (55) के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर जशपुर के ग्राम टिकैतगंज में आयोजित दशकर्म कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। रात करीब 9:30 बजे पीढ़ी मोड़ के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और पुल के नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि जितना मुंडा और बीरेंद्र मुंडा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रामदयाल मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गए। सोमवार सुबह राहगीरों की नजर पुल के नीचे पड़े तीनों पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
थाना प्रभारी मोरध्वज देशमुख ने बताया कि पीढ़ी मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे गिरने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।












