

खबर खुलेआम
19 मार्च, रायगढ़ थाना घरघोड़ा पुलिस ने ग्राम टेरम में हुए मकान चोरी के मामले को 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी की है। प्रकरण में प्रार्थी किशन लाल जोल्हे (29 वर्ष), निवासी ग्राम टेरम ने दिनांक 17 मार्च 2026 को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने परिवार के साथ ईंट निर्माण कार्य के लिए गांव से बाहर गया था। इस दौरान दिनांक 08 से 10 फरवरी 2026 के बीच अज्ञात आरोपी द्वारा उसके मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर रखे टीवी, आयरन, कांस के बर्तन एवं तांबे के पैसे सहित करीब 15,000 रुपये मूल्य के सामान चोरी कर लिए गए। रिपोर्ट पर *अपराध क्रमांक 96/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस* के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया, जिस पर संदेही गजेन्द्र सारथी उर्फ गज्जु (19 वर्ष) निवासी बैहामुड़ा एवं परमेश्वर राठिया (19 वर्ष) निवासी भेंडरा कपाटडेरा, थाना घरघोड़ा के नाम सामने आए। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने 9 फरवरी की रात ग्राम टेरम के एक सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी का सामान प्लास्टिक बोरी में भरकर रेलवे ट्रैक के रास्ते अपने घर ले जाकर आपस में बांट लिया था तथा कुछ सामान कबाड़ी को बेचकर रकम खर्च कर दी थी। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर गजेन्द्र सारथी से एक बैटरी एवं आयरन (कीमत 8,000 रुपये) तथा परमेश्वर राठिया से कांस के लोटा एवं कटोरी (कीमत 1,200 रुपये) कुल 9,200 रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।













