

खबर खुलेआम
रायगढ़। रायगढ़ जिले के वरिष्ठ, अनुभवी एवं निष्पक्ष पत्रकार मनमोहन सिंह राजपूत को एक बार फिर छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह उनका लगातार तीसरा कार्यकाल है,जो उनके संगठनात्मक कौशल,संघर्षशीलता और पत्रकार हितों के प्रति समर्पण को दर्शाता है। प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी की अनुशंसा पर प्रदेश संगठन ने मनमोहन सिंह राजपूत पर पुनः भरोसा जताते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। उनकी पुनर्नियुक्ति की घोषणा होते ही जिले भर के पत्रकारों में हर्ष की लहर दौड़ गई।मनमोहन सिंह राजपूत ने अपने पिछले कार्यकालों में पत्रकारों की समस्याओं को मजबूती से संगठन और प्रशासन के समक्ष रखा। चाहे मान-सम्मान का विषय हो,सुरक्षा का प्रश्न हो या पत्रकार हितों से जुड़े मुद्द उन्होंने हर मोर्चे पर सक्रिय भूमिका निभाई। उनकी नेतृत्व क्षमता के कारण संघ को रायगढ़ जिले में एक सशक्त पहचान मिली है।उनके नेतृत्व में संगठन ने न केवल पत्रकारों को एकजुट किया, बल्कि सामाजिक सरोकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए भी आवाज़ बुलंद की। यही कारण है कि तीसरी बार भी संगठन ने उन्हें जिलाध्यक्ष पद के लिए सर्वसम्मति से चुना।पुनः मनोनीत होने पर मनमोहन सिंह राजपूत ने प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी सहित समस्त प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जवाबदेही भी है। मैं पहले की तरह आगे भी पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करता रहूंगा। उनकी नियुक्ति पर जिले के अनेक वरिष्ठ पत्रकारों, संघ पदाधिकारियों एवं मीडिया साथियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। सभी ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ रायगढ़ इकाई और अधिक सशक्त होकर पत्रकार हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी।












