
डेस्क खबर खुलेआम
गणेश भोय जिला ब्यूरो जिला जशपुर
जशपुर। सरगुजा रेंज में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन कारों से 552 किलो 16 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो वाहन चालक जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने गांजा और तीन वाहनों समेत करीब 1 करोड़ 21 लाख रुपये का माल जब्त किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप इनोवा, ब्रेजा और अर्टिगा कारों के जरिए अंबिकापुर की ओर ले जाई जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कुनकुरी, बगीचा और नारायणपुर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से नाकाबंदी कर वाहनों की घेराबंदी की। कुनकुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने पीछा कर एक संदिग्ध इनोवा (OD-17J-0205) को बरामद किया। चालक वाहन छोड़कर जंगल में फरार हो गया। तलाशी में डिक्की से 295 पैकेटों में 311 किलो 35 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 46.70 लाख रुपये आंकी गई। पुलिस ने करीब 15 लाख रुपये कीमत की इनोवा भी जब्त कर ली। वहीं बगीचा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ब्रेजा कार (OD-02BH-9811) और उसके आगे-पीछे चल रही अर्टिगा (OD-16N-9229) की घेराबंदी की। ब्रेजा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, लेकिन अर्टिगा में सवार सचिन्द्र राउत (29) और मोहम्मद सगीर (26) को पकड़ लिया गया। पूछताछ में दोनों ने गांजा तस्करों के लिए रेकी करने की बात स्वीकार की। ब्रेजा की तलाशी में 240 किलो 810 ग्राम गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 552 किलो 16 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 82.82 लाख रुपये है। इसके साथ ही इनोवा, ब्रेजा और अर्टिगा समेत तीन वाहनों की कुल कीमत लगभग 38 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार पुलिस ने करीब 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये (लगभग 1.21 करोड़ रुपये) का माल जब्त किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।











