
डेस्क खबर खुलेआम
कोरबा। कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथरीपारा में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसे में ढाई साल के मासूम की जान चली गई। घर के पास खेलते समय वह ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्य के लिए सामग्री लेकर एक ट्रैक्टर मौके पर खड़ा था। इसी दौरान परिवार का 5 वर्षीय बच्चा खेल-खेल में ट्रैक्टर की स्टेरिंग पर चढ़कर बैठ गया। उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसका ढाई साल का छोटा भाई ट्रैक्टर के नीचे मौजूद है। इसी बीच ट्रैक्टर आगे बढ़ गया और मासूम पहिए की चपेट में आ गया।स्थानीय पार्षद चंद्रलोक सिंह ने बताया कि हादसे में ढाई साल के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बच्चे को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर यह एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हादसा प्रतीत हो रहा है।यह घटना एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता की याद दिलाती है। निर्माण स्थल और भारी वाहनों के आसपास बच्चों को अकेला छोड़ना कभी-कभी ऐसी दर्दनाक त्रासदी का कारण बन सकता है।











