
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 16 किलोग्राम गांजा के साथ एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। थाना गुढ़ियारी पुलिस ने आरोपी को रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर पार्किंग क्षेत्र से गांजा तस्करी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा। पुलिस को 14 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर पार्किंग में एक व्यक्ति बैग में गांजा लेकर कहीं जाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री आदित्य पांडे एवं सहायक पुलिस आयुक्त (उरला) सुश्री पूर्णिमा लामा के निर्देशन में थाना गुढ़ियारी पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया।थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोलू सिंह, निवासी जबलपुर, मध्यप्रदेश बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन, कुल अनुमानित कीमत 8 लाख 10 हजार रुपये, जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 335/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोलू सिंह पिता भूपत सिंह, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम सुन्दरदेही, थाना बेलखेड़ा, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे आगे कहां खपाने की तैयारी थी।













