
खबर खुलेआम
रायगढ़, 6 मई। थाना कोतरारोड़ क्षेत्र में एक महिला के साथ छेड़छाड़ और उसके पति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 मई 2026 को पीड़िता ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि 3 मई को वह अपने मायके जिला सक्ती से अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से रायगढ़ लौट रही थी। रास्ते में ग्राम बैसपाली के पास उनकी बाइक खराब हो गई, जिसके बाद दोनों पैदल वाहन को ढकेलते हुए आगे बढ़ रहे थे।इसी दौरान ग्राम कुसमुरा तालाब के पास महिला शौच के लिए गई, तभी कार (क्रमांक CG 13 AM 1892) से पहुंचे दो व्यक्तियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के पति के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और पुलिस बुलाने पर धमकी भी दी। घटना के दौरान महिला ने साहस दिखाते हुए आरोपियों की मोबाइल से फोटो खींच ली और अगले दिन थाने में शिकायत दर्ज कराई।महिला की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। चिकित्सीय परीक्षण के बाद आरोपियों की पहचान चैतन्य राणा (34 वर्ष) और उत्तरा कुमार श्रीवास (40 वर्ष), दोनों निवासी कुसमुरा के रूप में हुई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों के घर दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में एक आरोपी ने अपने साथी के साथ घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ग्रे रंग की Maruti Suzuki Celerio कार, चाबी और आरसी कार्ड जब्त किया गया।दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।












