
खबर खुलेआम
जेवरीडीह। शासकीय प्राथमिक शाला जेवरीडीह में आज शाला प्रवेश उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और उल्लासपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत सरपंच अशोक सिदार तथा कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. दासरथी जांगड़े उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अडानी फाउंडेशन से पधारे डॉ. पटेल ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। शाला प्रवेश उत्सव के प्रभारी लोकेन्द्र डनसेना ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर बच्चों की खिलखिलाहट और उत्साह से सराबोर नजर आया।

अतिथियों ने बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।मुख्य अतिथि अशोक सिदार ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।” उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आग्रह करते हुए विद्यालय के विकास में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।इस अवसर पर शिक्षक एस. कुमार सारथी, भुवनेश्वर सिदार एवं सीएसआर शिक्षिका मंजू चौहान ने शासकीय विद्यालयों में मिलने वाली निःशुल्क शिक्षा एवं विभिन्न शासकीय सुविधाओं की जानकारी अभिभावकों को दी। साथ ही बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्रामीणजन एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का सफल संचालन एवं आभार प्रदर्शन विद्यालय परिवार द्वारा किया गया। शाला प्रवेश उत्सव ने शिक्षा के प्रति जागरूकता और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान की।












