
खबर खुलेआम
19 जून, रायगढ़ थाना घरघोड़ा पुलिस ने रेलवे लाइन के ओएचई एवं तांबा तार चोरी तथा उठाईगिरी करने वाले चार बदमाशों के सक्रिय गिरोह को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों की गिरफ्तारी से थाना घरघोड़ा क्षेत्र में दर्ज रेलवे तांबा तार चोरी के तीन प्रकरणों और मोटरसाइकिल की डिक्की से नकदी चोरी के एक प्रकरण का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 178 मीटर रेलवे तांबा तार तथा 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं 22 फरवरी 2026 को प्रार्थी उमेश जोल्हे निवासी टेरम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 फरवरी की रात ग्राम कारीछापर स्थित रेलवे लाइन के पास से अज्ञात चोर रेलवे के ओएचई एवं तांबा तार चोरी कर ले गए थे। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 41 हजार रुपये बताई गई थी। इस संबंध में अपराध क्रमांक 60/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। 8 अप्रैल 2026 को साधराम राठिया निवासी कंचनपुर सलिहाभांठा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 अप्रैल को पंजाब नेशनल बैंक घरघोड़ा से 40 हजार रुपये निकालने के बाद उसने रकम मोटरसाइकिल की डिक्की में रख दी थी। कन्या शाला हाई स्कूल के सामने मोटरसाइकिल खड़ी कर खाद खरीदने गया और वापस लौटने पर डिक्की खुली मिली तथा नकदी गायब थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 124/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। 13 मई 2026 को भानु प्रसाद पैंकरा निवासी चारभांठा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 मई की रात घरघोड़ा रेलवे साइडिंग में खंभा क्रमांक जी-8/09 से जी-5/15 एवं जी-6/01 के मध्य रेलवे तांबा तार चोरी कर लिया गया था। चोरी गए तार की कीमत लगभग 85 हजार रुपये थी। मामले में अपराध क्रमांक 161/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत विवेचना शुरू की गई थी । 18 जून 2026 को टोपलाल अगरिया निवासी भेंगारी ने शिकायत दर्ज कराई कि 17 जून की रात छाल-घरघोड़ा रेलवे लाइन के खंभा क्रमांक 27/27 से 27/29 के मध्य रेलवे तांबा तार एवं अन्य सामग्री चोरी कर ली गई थी। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 40 हजार रुपये थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 198/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू द्वारा सक्रिय मुखबिरों से लगातार जानकारी जुटाई जा रही थी। पुख्ता सूचना मिलने पर आज ढोरम बायपास में घेराबंदी कर संदेही मनोज धनवार, शशिभूषण दास बैरागी, अजय धनवार और लखन राठिया को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में चारों आरोपियों ने रेलवे तांबा तार चोरी एवं उठाईगिरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर मुस्कुरा जंगल से लखन राठिया के कब्जे से 72 मीटर तांबा तार कीमती 56,160 रुपये, मनोज धनवार के कब्जे से 40 मीटर तांबा तार कीमती 31,200 रुपये तथा शशिभूषण दास बैरागी के कब्जे से 66 मीटर तांबा तार कीमती 51,480 रुपये बरामद किया गया। आरोपी अजय धनवार के कब्जे से 3 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रेलवे लाइन से चोरी किए गए तांबा तार और अन्य सामान को घूम-घूमकर खरीदने वाले फेरी कबाड़ियों को बेच देते थे। घरघोड़ा में हुई उठाईगिरी की घटना को भी आरोपियों ने स्वीकार किया। चोरी और उठाईगिरी से प्राप्त रकम को आपस में बांटकर शराब एवं अन्य खर्चों में उड़ा देते थे। कुछ चोरी का माल मुस्कुरा जंगल में छिपाकर रखा गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
मामले का सफल खुलासा करने वाली थाना घरघोड़ा पुलिस टीम के निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक डेविड टोप्पो, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक तथा आरक्षक हरिश पटेल और उद्योराम पटेल की अहम भूमिका रही है।
गिरफ्तार आरोपी* :-1. मनोज धनवार पिता टीके बाबू धनवार, उम्र 28 वर्ष, निवासी बनाई, थाना घरघोड़ा।2. शशिभूषण दास बैरागी पिता धरम दास बैरागी, उम्र 28 वर्ष, निवासी कोटरीमाल, थाना घरघोड़ा।3. अजय धनवार पिता भीम धनवार, उम्र 19 वर्ष, निवासी बनाई, थाना घरघोड़ा।4. लखन राठिया पिता बाबूलाल राठिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी रेंगालबहरी, थाना घरघोड़ा।
जप्ती* :- उपरोक्त चार प्रकरणों में (कुल 2 लाख 06 हजार चोरी) बरामद*- रेलवे तांबा तार 178 मीटर और नकद रकम 3,000 रुपये *कुल-1,41,840 रूपये*











