
खबर खुलेआम
रायगढ़ /दिनांक 02 नवंबर 2026 को थाना चक्रधरनगर और छाल पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर जुआ फड़ों में दबिश देकर कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल ₹48,800 नकद, 52 पत्ती ताश और 8 मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली कि पडरीपानी पूर्व बस्ती के बाहर खुले मैदान में कुछ व्यक्ति ताश पत्तियों से रुपये-पैसों का हार-जीत का दांव लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चन्द्राकर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते फरार हो गए, जबकि मौके से प्रवीण कुमार निषाद (37 वर्ष), निवासी चिरजीवीदास नगर, थाना चक्रधरनगर एवं अजय कुमार कुसराम (43 वर्ष), निवासी पडरीपानी पूर्व, थाना चक्रधरनगर को जुआ खेलते पकड़ा गया। दोनों आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल ₹24,800 नकद, 52 पत्ती ताश और एक पुरानी प्लास्टिक चटाई जब्त की गई। आरोपियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई है।
थाना छाल पुलिस को दिनांक 01-02 नवंबर 2026 की दरमियानी रात ग्राम बांधापाली मंदिर के पास खेदापाली क्षेत्र में बिजली की रोशनी में सार्वजनिक स्थान पर ताश पत्तियों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेले जाने की सूचना मिली। थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के निर्देश पर सहायक उप निरीक्षक शिव खरे एवं प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर दबिश दी।
पहले जुआ फड़ से मुकेश कुमार साहू (38 वर्ष), दुरबिन लाल यादव (42 वर्ष), सुरेन्द्र कुमार नायक (52 वर्ष), विरेन्द्र उर्फ दामोदर (44 वर्ष) एवं बलराम सिंह उर्फ रवि ठाकूर (36 वर्ष), सभी थाना छाल क्षेत्र के निवासी, को पकड़ा गया। इनके कब्जे एवं जुआ फड़ से ₹12,450 नकद, 52 पत्ती ताश, एक प्लास्टिक बोरी और 4 मोबाइल फोन (वीवो Y56, वीवो Y9, वनप्लस नॉर्ड CE एवं ओप्पो A17K) जब्त किए गए। दूसरे जुआ फड़ से पंचम सिंह गोंड (39 वर्ष), राजेन्द्र उर्फ राजा निर्मलकर (35 वर्ष), दीपक पटेल (22 वर्ष) एवं ललेश चन्द्रा (33 वर्ष), सभी थाना छाल क्षेत्र के निवासी, को पकड़ा गया। इनके कब्जे एवं जुआ फड़ से ₹11,550 नकद, 52 पत्ती ताश, एक प्लास्टिक बोरी और 4 मोबाइल फोन (वीवो V Y9 5G, रियलमी UI, वीवो V29 एवं लावा कंपनी का कीपैड मोबाइल) जब्त किए गए। छाल पुलिस ने सभी 9 आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।






