
खबर खुलेआम
रायगढ / खरसिया के गायत्री मंदिर हॉल में मंगलवार को छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट ऑर्गेनाइजेशन का शपथग्रहण समारोह गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पत्रकारों के इस आयोजन में संगठन के पदाधिकारियों ने निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता का संकल्प लेते हुए समाज और लोकतंत्र की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की शपथ ली।समारोह के मुख्य अतिथि संगठन के प्रदेशाध्यक्ष व्यास पाठक रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी ओमप्रकाश गोयल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष बसंत सचदेव, प्रदेश महासचिव रमेश अग्रवाल, प्रदेश सचिव अरुणधर पंडा तथा रायगढ़ जिलाध्यक्ष महादेव परिहारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में ओमप्रकाश गोयल ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि वे निष्पक्षता, निर्भीकता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें।इस अवसर पर खरसिया तहसील के संरक्षक अमर मंत्री, राजेश शर्मा, संटी सोनी, नैना वैष्णव सहित ब्लॉक अध्यक्ष राकेश गायत्री, सचिव संजय गुप्ता, कोषाध्यक्ष विष्णु चंद्र शर्मा, डिग्री लाल सिदार, लक्ष्मी पटेल, रविशंकर पटेल एवं अन्य पदाधिकारियों ने संगठन, देश और समाज के हित में समर्पित भाव से कार्य करने की शपथ ली। सभी पदाधिकारियों को प्रदेशाध्यक्ष व्यास पाठक ने विधिवत शपथ दिलाई।कार्यक्रम का समापन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, पत्रकारों की एकजुटता बढ़ाने तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। समारोह में उपस्थित पत्रकारों और अतिथियों ने इसे संगठन के लिए एक नई ऊर्जा और नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक आयोजन बताया।












