
खबर खुलेआम
रायगढ़। जिले में नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही पूंजीपथरा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। एनडीपीएस एक्ट के मामले में कई महीनों से फरार चल रहे गांजा तस्कर चन्द्रमणी उर्फ चिंतामणी यादव (35) को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही गांजा तस्करी में इस्तेमाल की गई i20 कार (CG13BH5917) भी पुलिस ने जब्त कर ली है।पुलिस के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में ग्राम तुमीडीह महुआ चौक, पठान कॉलोनी के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई थी। इस दौरान खिरोधर यादव और पुरुषोत्तम यादव को i20 कार सहित गिरफ्तार किया गया था, जबकि तीसरा आरोपी चन्द्रमणी यादव पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया था।तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 2.728 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत ₹24,500, तथा बिक्री की ₹5,000 नकद राशि बरामद की गई थी। पुलिस ने कुल ₹29,500 की जप्ती कर आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी पुरुषोत्तम यादव ने खुलासा किया कि फरार हुआ व्यक्ति चन्द्रमणी उर्फ चिंतामणी यादव ही था, जो गांजा बिक्री के उद्देश्य से उनके साथ आया था और पुलिस कार्रवाई के दौरान भाग निकला था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य जुटाकर उसकी घटनास्थल पर मौजूदगी प्रमाणित की और लगातार मुखबिर तंत्र सक्रिय रखा।आखिरकार “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत आरोपी के गांव आने की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद तस्करी में प्रयुक्त i20 कार भी जब्त कर ली गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।











