
डेस्क खबर खुलेआम
सक्ती। रेल पटरी पर बैठकर मोबाइल में गेम खेल रहे दो किशोरों की लापरवाही रात दर्दनाक हादसे में बदल गई। सकरेलीभाठा गांव में मालगाड़ी की चपेट में आने से 14 वर्षीय टिकेश साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी नवीन खाण्डे गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल किशोर को प्राथमिक उपचार के लिए बाराद्वार अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चांपा रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, सकरेलीभाठा निवासी 14 वर्षीय टिकेश साहू पिता श्रवण साहू और 14 वर्षीय नवीन खाण्डे पिता नामप्रकाश खाण्डे मंगलवार 15 सितंबर की रात करीब 8 बजे रेल पटरी पर बैठकर मोबाइल में फ्री फायर गेम खेल रहे थे। इसी दौरान बाराद्वार की ओर से मालगाड़ी आ गई। दोनों किशोर गेम खेलने में व्यस्त थे और समय रहते पटरी से हट नहीं सके। मालगाड़ी की चपेट में आने से टिकेश साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नवीन के सिर, कंधे और पैर में गंभीर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और घायल किशोर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायल नवीन को बाराद्वार अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया।

हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे चांपा रेफर कर दिया। दूसरे दिन सुबह पुलिस ने मृतक टिकेश साहू के शव का पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। टिकेश कक्षा 9वीं का छात्र था। हादसे से जुड़ी एक और जानकारी सामने आई है। घटनास्थल के पास गणेश भगवान का पंडाल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि मोहल्ले के करीब आधा दर्जन किशोरों की रेल पटरी के पास बैठकर मोबाइल गेम खेलने की आदत थी। हादसे से करीब 15 मिनट पहले चार किशोर इसी स्थान पर बैठे थे। इनमें से दो किशोर उठकर गणेश पंडाल में प्रसाद लेने चले गए, जबकि टिकेश और नवीन वहीं रुक गए। इसके कुछ ही देर बाद दोनों मालगाड़ी की चपेट में आ गए।




