
डेस्क खबर खुलेआम

गणेश भोय जिला ब्यूरो जशपुर
तमता। सामाजिक सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत तमता में संचालित प्रयास फाउंडेशन के सदस्यों ने एक शोकाकुल गरीब परिवार को राशन सामग्री प्रदान कर सहयोग किया। पत्नी की मृत्यु के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार को समूह के सदस्यों ने आवश्यक खाद्य सामग्री देकर सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए शोक व्यक्त किया।मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत तमता में रहने वाले सुशील विश्वकर्मा और उनकी पत्नी सूकरो बाई पिछले कई वर्षों से मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। सुशील विश्वकर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। आर्थिक स्थिति कमजोर होने और अधिक उम्र के कारण उनके सामने अंतिम संस्कार के बाद दशकर्म की व्यवस्था करना भी चुनौती बन गया था।शनिवार को दशकर्म कार्यक्रम के लिए राशन एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की जरूरत पड़ने पर सुशील विश्वकर्मा ने गांव के युवाओं से सहयोग की अपील की। इसके बाद प्रयास फाउंडेशन तमता के सदस्यों ने परिवार के घर पहुंचकर राशन सामग्री प्रदान की और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।इस दौरान समूह के अध्यक्ष रमेश यादव, कोषाध्यक्ष मनीष शर्मा, सदस्य राहुल बरेठ, लक्ष्मी नारायण यादव, थले दास, स्थानीय उपसरपंच गोवर्धन यादव सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।**दो वर्षों से जरूरतमंदों की मदद कर रहा समूह**उल्लेखनीय है कि प्रयास फाउंडेशन तमता पिछले दो वर्षों से क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री सहित विभिन्न प्रकार का सहयोग प्रदान कर रहा है। समूह के अध्यक्ष ने बताया कि अब तक संगठन द्वारा मुख्य रूप से पत्थलगांव विकासखंड क्षेत्र में सेवा कार्य किए जा रहे थे। धीरे-धीरे समूह मजबूत हो रहा है और भविष्य में संगठन की सामाजिक सेवा गतिविधियों को प्रदेश स्तर तक विस्तार देने का लक्ष्य रखा गया है।





