
डेस्क खबर खुलेआम
वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और प्रतिभाओं को मिला मंच, अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जशपुर सियान आइडल फाइनल आयोजित
जशपुरनगर, 01 अक्टूबर 2026:-* अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग जशपुर द्वारा न्यू कम्युनिटी हॉल, बालाजी मंदिर के सामने, जशपुर में जिला स्तरीय समारोह एवं ‘जशपुर सियान आइडल’ फाइनल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करने के साथ उनकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया गया। सियान आइडल में वरिष्ठ नागरिकों ने गायन, भाषण एवं कविता पाठ सहित विभिन्न विधाओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से भी उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, जिला पंचायत सीईओ अभिषेख कुमार, नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यशप्रताप सिंह जूदेव, सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण की सुविधा दी गई तथा जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण एवं 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को बस पास वितरित किए गए। पुलिस विभाग ने साइबर अपराधों से बचाव तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकारों एवं विधिक सहायता की जानकारी दी। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र तथा वरिष्ठ नागरिकों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।*वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी : सालिक साय*जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों ने अपने अनुभव और योगदान से परिवार एवं समाज को दिशा दी है। उनके अनुभव, संघर्ष और संस्कार युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन और आशीर्वाद समाज के लिए महत्वपूर्ण है।*वरिष्ठजनों के अनुभव से मिली जशपुर को विकास की दिशा : यशप्रताप सिंह जूदेव*नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यशप्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के अनुभव और योगदान से जशपुर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजन समाज के लिए ज्ञान और अनुभव का भंडार हैं। विकास से जुड़े कार्यों में उनके सुझाव और अनुभवों को महत्व देना चाहिए तथा युवा पीढ़ी को उनसे सीखने की आवश्यकता है।*स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए वरिष्ठजनों की सहभागिता जरूरी : गंगाराम भगत*जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव परिवार और समाज की अमूल्य पूंजी है। उनके सम्मान और सहभागिता से पीढ़ियों के बीच बेहतर संवाद एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने वरिष्ठजनों से अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।*वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, सुरक्षा और उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखना हम सभी का दायित्व : अरविन्द भगत*नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत वरिष्ठ नागरिकों के बीच कार्य करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, सुरक्षा और उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखना हम सभी का दायित्व है। सियान गुड़ी के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य जांच, खेल गतिविधियों तथा पेंशन एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।*सेवा, अनुभव और नई पीढ़ी के बीच सेतु बना ‘जशपुर सियान आइडल’ : कलेक्टर रोहित व्यास*कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा भावना, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘जशपुर सियान आइडल’ के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को अपनी प्रतिभा और रुचियों को प्रदर्शित करने का मंच मिला है। उन्होंने कहा कि उम्र प्रतिभा और उत्साह के सामने बाधा नहीं है। ऐसे आयोजन वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने और विभिन्न पीढ़ियों के बीच संवाद बढ़ाने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सियान आइडल जैसे आयोजन केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह विभिन्न पीढ़ियों को आपस में जोड़ने का माध्यम भी हैं। वरिष्ठ नागरिक अपने जीवन के अनुभव, संघर्ष, उपलब्धियों और सीख को युवा पीढ़ी के साथ साझा करें, ताकि नई पीढ़ी को जीवन के व्यावहारिक पक्षों को समझने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सके। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके सम्मान एवं सक्रिय सहभागिता से समाज और अधिक समृद्ध बनता है।समारोह के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, अधिकार, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया। वरिष्ठ नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने यह संदेश दिया कि उनके अनुभव, ज्ञान और प्रतिभा समाज की महत्वपूर्ण पूंजी हैं।




