
डेस्क खबर खुलेआम
सुकमा। बाढ़ और जलभराव से प्रभावित सुकमा जिले का जायजा लेने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सुकमा पहुंचे। मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी हालात का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।मुख्यमंत्री ने विभिन्न राहत केंद्रों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने राहत केंद्रों में रह रहे प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं एवं जरूरतों की जानकारी ली।इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने जिला प्रशासन के अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव अभियान तथा प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।मुख्यमंत्री ने प्रभावित लोगों के लिए सुरक्षित आश्रय, भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और जरूरतमंदों तक हर संभव सहायता पहुंचाई जाएगी।मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान प्रशासनिक अमला राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह सक्रिय नजर आया।




