
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर। राजधानी की सड़कों पर रौब जमाने और सोशल मीडिया के लिए खतरनाक स्टंट करने वाले मनचले युवाओं के खिलाफ यातायात पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुराना विधानसभा रोड पर सरेराह एक्टिवा में स्टंट करने वाले युवक का वीडियो वायरल होने के बाद यातायात थाना पंडरी पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए चालक को समन जारी कर थाने तलब किया और सख्त कानूनी कार्रवाई की। मामला 08 सितम्बर 2026 का है, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वाहन क्रमांक CG 04-MC-9061 (एक्टिवा) पर तीन सवार बैठ कर सार्वजनिक मार्ग पर बेहद खतरनाक तरीके से वाहन चलाते और स्टंट करते नजर आ रहे थे।
वीडियो का संज्ञान लेते हुए यातायात थाना प्रभारी अमित पद्मशाली के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल वाहन स्वामी और चालक की पतासाजी शुरू की। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्टंटबाज चालक और उसके साथियों को चिन्हित किया: * मुख्य चालक: तिलक कश्यप (पिता: पूरनलाल), उम्र 22 वर्ष, निवासी – देवभोग (गरियाबंद) * सह-सवार: सागर माहेश्वरी और पवित्र कश्यपपुलिस ने चालक तिलक कश्यप को थाने बुलाकर मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की विभिन्न धाराओं के तहत कड़ी चालानी कार्रवाई की। साथ ही गाड़ी पर पीछे बैठे युवकों को भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न दोहराने की सख्त हिदायत देकर छोड़ा गया।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़कों को स्टंट जोन बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक ड्राइविंग न केवल चालक की जान जोखिम में डालती है, बल्कि राहगीरों के लिए भी घातक सिद्ध हो सकती है। पुलिस ने शहरवासियों से यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।







