
डेस्क खबर खुलेआम
कुनकुरी। भारतीय जनता पार्टी जिला जशपुर द्वारा मंगल भवन कुनकुरी में उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान कर उनके समर्पण और सेवाभाव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे उनके जीवन को दिशा देने, संस्कार गढ़ने और एक बेहतर समाज की नींव रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। शिक्षक के हाथों में केवल चॉक और किताब नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी का भविष्य होता है।

सालिक साय ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति का सबसे मजबूत आधार है। वर्षों तक विद्यालयों में सेवा देकर हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने वाले शिक्षक वास्तव में समाज के ऐसे निर्माता हैं, जिनके योगदान का मूल्य किसी पुरस्कार या सम्मान से नहीं आंका जा सकता। उन्होंने कहा कि शिक्षक भले ही शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो जाएं, लेकिन समाज और विद्यार्थियों के प्रति उनका मार्गदर्शन कभी सेवानिवृत्त नहीं होता। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित हो रहे गुरुजनों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय राष्ट्र और समाज की भावी पीढ़ी को तैयार करने में समर्पित किया है। उनके अनुभव और संस्कार आज भी समाज के लिए प्रेरणा हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी में भी गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव मजबूत होता है।

कार्यक्रम में माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शम्भू नाथ चक्रवर्ती, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र यादव, मंडल अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, रामनिवास गुप्ता, विश्वनाथ सिंह सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त शिक्षकगण शामिल हुए, जिनका अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया। समारोह के दौरान वातावरण में गुरुजनों के प्रति सम्मान और आत्मीयता का भाव देखने को मिला। शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक सेवाएं देने वाले शिक्षकों के योगदान को स्मरण करते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की गई।




