
डेस्क खबर खुलेआम
भिलाई। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित करहीडीह तालाब के पास रविवार सुबह टेस्ट ड्राइव के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब कार चला रहे एक नाबालिग ने ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया। अचानक तेज रफ्तार हुई कार अनियंत्रित होकर मिट्टी के किनारे से टकराई और सीधे तालाब में जा गिरी। कार में सवार तीन नाबालिगों ने समय रहते दरवाजा खोलकर बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसा इतना अचानक हुआ कि कार तालाब की ओर बढ़ते हुए एक बच्चे के बेहद करीब से गुजरी। बच्चे ने दौड़कर खुद को बचाया। वहीं तालाब किनारे मौजूद एक बकरी भी कार की चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समीत मिश्रा के मुताबिक घटना सुबह करीब 9 बजे की है। कार में दो 17 वर्षीय युवक और एक उनसे कम उम्र का नाबालिग सवार था। इसी दौरान एक युवक ने कार चलाने की कोशिश की। वाहन चलाने का अनुभव नहीं होने के कारण ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दब गया और कार अचानक तेज गति से आगे बढ़ते हुए तालाब में जा गिरी। पुलिस के अनुसार तीनों नाबालिगों ने दुर्ग के एक परिचित ऑटो डीलर से कार खरीदने के लिए टेस्ट ड्राइव के तौर पर वाहन लिया था। कार खरीदने के लिए डीलर को बयाना भी दिया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों को वाहन चलाने का पर्याप्त अनुभव नहीं। पुलिस के मुताबिक हादसे के दौरान तालाब के आसपास मौजूद एक बच्ची भी कार की चपेट में आने से बाल-बाल बची। प्रारंभिक जांच में नाबालिगों के नशे में होने की आशंका की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।



