
डेस्क खबर खुलेक
गणेश भोय जिला ब्यूरो जशपुर
जशपुर। प्रसव के बाद कॉपर-टी लगाने के पश्चात तबीयत बिगड़ने और उपचार के दौरान महिला की मौत का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। परिजनों द्वारा महिला का शव रखकर प्रदर्शन किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, केरसई निवासी महिला का प्रसव 29 जुलाई 2026 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केरसई में हुआ था। प्रसव के बाद 48 घंटे निगरानी में रखने के पश्चात 31 जुलाई को नियमानुसार कॉपर-टी लगाया गया था। इसके बाद स्वास्थ्य संबंधी समस्या सामने आने पर 7 अगस्त को अल्ट्रासोनोग्राफी कराई गई।इसके बाद महिला को बेहतर उपचार के लिए हॉलीक्रॉस कुनकुरी से जे.एम.जे. अस्पताल रायगढ़ रेफर किया गया, जहां ऑपरेशन के बाद 11 अगस्त को डिस्चार्ज किया गया। हालांकि, बाद में महिला की स्वास्थ्य स्थिति फिर बिगड़ गई और उसे 22 अगस्त को बुर्ला चिकित्सालय, संबलपुर में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।महिला की मौत के बाद परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा 31 अगस्त को पोस्टमार्टम कराया गया। जांच समिति महिला के उपचार से संबंधित सभी मेडिकल रिकॉर्ड, जांच रिपोर्ट और अन्य अभिलेखों का परीक्षण कर रही है।स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही हुई या नहीं, यह स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





