
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर। रैपिडो वाहन से घर पहुंची महिला यात्री के दो मोबाइल फोन चोरी कर फरार हुए चालक को पुरानी बस्ती पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के दोनों मोबाइल, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन समेत करीब 1.20 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, भीम नगर पुरानी बस्ती निवासी महिला ने थाना पुरानी बस्ती में शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:15 बजे उसने सिंचाई कॉलोनी, सिविल लाइन से रैपिडो एप के जरिए वाहन बुक किया था। शास्त्री चौक से आमापारा चौक होते हुए वह भीम नगर पहुंची। फल खरीदने के बाद फलों से भरा बैग भारी होने के कारण उसने उसे वाहन चालक के पैर के पास रख दिया था। इसी बैग में उसके दो मोबाइल फोन भी रखे हुए थे।भीम नगर पहुंचने पर महिला जैसे ही वाहन से उतरकर अपना सामान उठाने लगी, चालक अचानक वाहन लेकर फरार हो गया। महिला ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक नहीं रुका और दूसरी गली की ओर भाग निकला। बाद में महिला ने अपने दोनों मोबाइल फोन चोरी होने की जानकारी पुलिस को दी।शिकायत के आधार पर थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 411/26, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुड़िया ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने महिला से घटना की विस्तृत जानकारी ली और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।पुलिस टीम ने घटनास्थल और आरोपी के संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही रैपिडो एप से संबंधित तकनीकी जानकारी और वाहन की पहचान के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंच गई।आरोपी की पहचान नरेन्द्र सिंह (25 वर्ष), पिता दिनेश सिंह, मूल निवासी रामसागरपारा, थाना सीएसईबी, जिला कोरबा तथा वर्तमान निवासी श्रीनगर, गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने महिला यात्री के मोबाइल चोरी करने की घटना स्वीकार कर ली।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन सहित कुल करीब 1.20 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।










