
खबर खुलेआम
घरघोड़ा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल, घरघोड़ा में देशभक्ति और उल्लास का रंग देखने को मिला। 15 अगस्त का राष्ट्रीय पर्व विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।कार्यक्रम में समाजसेवी अधिवक्ता एवं विद्यालय व्यवस्थापक सुनील सिंह ठाकुर ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। तिरंगा लहराते ही पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा।


इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति सम्मान और समर्पण की भावना प्रकट की। इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग और समर्पित रहना चाहिए। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित पालकों, नागरिकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया और पूरा विद्यालय परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंज उठा।इस अवसर पर जनेश्वर मिश्रा, ओम प्रकाश शर्मा, श्रीमती झरना ठाकुर, विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र मिश्रा, आचार्य-दीदी, विद्यार्थी एवं पालकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता और देश की प्रगति के संकल्प के साथ हुआ।










