
डेस्क खबर खुलेआम
जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। तरौद चौक के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में किरारी गांव निवासी मनीष मरावी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी बताया जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू करते हुए दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश तेज कर दी है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर वाहन की पहचान करने में जुटी है। हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









