
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हैवी मशीनरी से लदे ट्रांसपोर्ट ट्रक से 191.525 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। इस मामले में रिश्ते में बाप-बेटे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजा, ट्रक और मशीनरी सहित कुल मशरूका की कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये आंकी गई है।
पुरे मामले में पुलिस ने कहा
पुलिस के अनुसार, ओडिशा से नागपुर की ओर गांजे की खेप ले जाए जाने की विश्वसनीय सूचना पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में संयुक्त टीम ने लाभांडी स्थित अग्रसेन धाम के आगे सर्विस रोड पर नाकेबंदी की। इसी दौरान पश्चिम बंगाल नंबर का अशोक लीलैंड 6 चक्का ट्रक (WB-23-G-1390) रोककर उसकी गहन तलाशी ली गई।शुरुआत में ट्रक में लदी भारी मशीनरी के कारण कुछ भी संदिग्ध नहीं दिखा, लेकिन पुलिस की बारीकी से की गई जांच में मशीनरी के नीचे और बीच में छिपाकर रखी गई 7 बोरियां मिलीं। इन बोरियों में पैकेटों में भरकर गांजा रखा गया था। बरामद गांजे का कुल वजन 191.525 किलोग्राम निकला।पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान मोहम्मद लाल (36) और उसके पुत्र मोहम्मद रूस्तम (19) के रूप में बताई। दोनों मूल रूप से बिहार के निवासी हैं और वर्तमान में पश्चिम बंगाल में रहकर ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा के सुहेला क्षेत्र से गांजा लेकर नागपुर की ओर तस्करी कर रहे थे।पुलिस ने बताया कि इन आरोपियों और इनके नेटवर्क पर लगातार एक महीने से गोपनीय निगरानी रखी जा रही थी। तकनीकी इनपुट और मुखबिर तंत्र से पुख्ता जानकारी मिलने के बाद योजनाबद्ध तरीके से नाकेबंदी कर दोनों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 332/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए एंड-टू-एंड जांच कर रही है।रायपुर पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने अब तक एनडीपीएस एक्ट के 62 मामलों में 152 आरोपियों को गिरफ्तार कर 5.22 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के गांजा, एमडीएमए, कोकीन, हेरोइन, ब्राउन शुगर, अफीम सहित अन्य नशीले पदार्थ, वाहन, हथियार और नकदी जब्त कर नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसने की कार्रवाई की है।










