
डेस्क खबर खुलेआम
असली सोने का सैंपल दिखाकर जीतते थे भरोसा, फिर पीतल का हार थमाकर लाखों रुपये लेकर हो जाते थे फरार

रायपुर। रायपुर पुलिस ने खुदाई में मिला पुराना सोना बताकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य आरोपी शंभू राय समेत दो महिला आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार किया है। गिरोह ने रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर, तेलीबांधा और डी.डी. नगर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग वारदातों को अंजाम देकर 22.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। आरोपियों के कब्जे से 9 लाख रुपये नकद, पीतल के आभूषण, 12 चांदी के सिक्के, चार मोबाइल फोन और चार फर्जी आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह पहले आर्थिक रूप से सक्षम लोगों को निशाना बनाता था।

आरोपी खुद को दिहाड़ी मजदूर या खुदाई का काम करने वाला बताकर दावा करते थे कि उन्हें खुदाई में पुराने समय का सोने का हार और सिक्के मिले हैं। भरोसा जीतने के लिए वे हार से पहले से तैयार रखा गया असली सोने का छोटा टुकड़ा जांच के लिए देते थे। जब जांच में वह टुकड़ा असली निकलता, तो पीड़ित पूरे हार को भी असली मानकर लाखों रुपये में खरीद लेता। बाद में पता चलता कि पूरा हार पीतल का है और आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो चुके हैं।तीनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया। जांच में तीनों घटनाओं का तरीका एक जैसा मिलने पर पुलिस को संगठित गिरोह होने का संदेह हुआ। तकनीकी जांच और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपियों की लोकेशन मुंबई में मिली, जहां से मुख्य आरोपी शंभू राय, गीता गुजराती और शांति गुजराती को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह ने देशभर में एक दर्जन से अधिक मामलों में करोड़ों रुपये की ठगी करना स्वीकार किया है। अब संबंधित राज्यों की पुलिस से समन्वय कर गिरोह के अन्य अपराधों की भी जांच की जा रही है।रायपुर पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि खुदाई में मिले सोने या पुराने खजाने के नाम पर किसी भी लालच में न आएं और ऐसे मामलों की तत्काल पुलिस को सूचना दें।












