
डेस्क खबर खुलेआम
जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पचरी में सांप के काटने से 8 वर्षीय मासूम बच्ची कुमारी काव्या की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।जानकारी के अनुसार, कुमारी काव्या शनिवार रात अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान किसी जहरीले सांप ने उसे डस लिया। बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर परिजन तत्काल उसे नवागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इधर, लगातार हो रही बारिश के बीच सर्पदंश की घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, झाड़ियों की नियमित सफाई करने तथा रात के समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।










