
डेस्क खबर खुलेआम
गणेश भोय जिला ब्यूरो जशपुर
जशपुर। जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत के लवाकेरा-जूनाडीह मोड़ पर शनिवार शाम करीब 6 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ है जिसमे दो कारोबारियों की मौके पर ही मौत हो गई। उड़ीसा से कुनकुरी की ओर आ रही कार सामने से आ रहे हाईवा से आमने-सामने टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों मृतक कुनकुरी के जूता-चप्पल व्यवसायी बताए जा रहे हैं। उनकी आधिकारिक पहचान की पुष्टि पुलिस द्वारा की जा रही है।हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक शव वाहन के भीतर ही फंस गया। सूचना मिलते ही तपकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद लोहे की रॉड की सहायता से कार का दरवाजा खोलकर शवों को बाहर निकाला गया।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर आवागमन सामान्य कराया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।










