
डेस्क खबर खुलेआम
गणेश भोय जिला ब्यूरो जशपुर
पत्थलगांव। विकासखंड पत्थलगांव के ग्राम पंचायत बालाझर में शासकीय हैंडपंप पर कथित रूप से अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने सार्वजनिक उपयोग के लिए स्थापित हैंडपंप को लोहे की जाली लगाकर घेर लिया है, जिससे आम लोगों को पानी भरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों के अनुसार, वर्षों से गांव के लोग इसी हैंडपंप से पेयजल प्राप्त करते आ रहे हैं, लेकिन हाल ही में हैंडपंप के चारों ओर लोहे की फेंसिंग कर उसे निजी संपत्ति की तरह उपयोग किया जा रहा है। इससे विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है।स्थानीय पंच मोहर साय ने बताया कि मामले को लेकर गांव में पंचायत बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें सरपंच, जनपद सदस्य (बीडीसी) और ग्रामीणों ने संबंधित व्यक्ति से सार्वजनिक हित को देखते हुए हैंडपंप को मुक्त करने की अपील की। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि समझाइश के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया।मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि शासकीय संपत्ति पर कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर आम जनता के लिए हैंडपंप को उपलब्ध कराना चाहिए।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मामले की जांच कर अवैध कब्जा हटाया जाए तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं कि कब ग्रामीणों को इस समस्या से राहत मिलती है।














