
डेस्क खबर खुलेआम
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां DRG जवान की पत्नी ने पति के कथित प्रेम संबंध के शक में एक कॉलेज छात्रा की सुपारी देकर हत्या करवा दी। हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर गांव ले जाया गया और घर के पीछे नाले किनारे दफना दिया गया। पुलिस ने मामले में जवान की पत्नी और उसकी सौतेली बेटी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है। जानकारी के अनुसार, ग्राम तोयलंका निवासी DRG जवान पांडू करटम की पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। इसके बाद उसने कमली करटम (40) से दूसरी शादी की थी। कमली को शक था कि उसके पति का 22 वर्षीय कॉलेज छात्रा रामदई कश्यप से प्रेम संबंध चल रहा है। इसी शक ने एक खौफनाक साजिश को जन्म दे दिया।

बताया जा रहा है कि जून 2024 में रामदई कश्यप अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन शुरुआती जांच में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला। बाद में पुलिस ने मामले को दोबारा खोलकर जांच शुरू की। कॉल डिटेल और रिश्तेदारों के बयान के आधार पर पुलिस को पता चला कि रामदई का लगातार संपर्क पांडू करटम से था। इसके बाद जांच की सुई कमली करटम की ओर घूम गई। पुलिस पूछताछ में कमली ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पति और रामदई की नजदीकियों से नाराज होकर उसने अपने रिश्तेदार हुंगाराम उर्फ बुटू करटम को 50 हजार रुपए देकर हत्या की सुपारी दी थी। वारदात के दौरान जवान पांडू करटम गांव में आयोजित बीज त्योहार में शामिल होने आया हुआ था। साजिश के तहत कमली ने पांडू की पहली पत्नी की बेटी लक्ष्मी (22) को दंतेवाड़ा भेजा। लक्ष्मी ने रामदई की मौजूदगी की जानकारी जुटाई और वारदात के लिए पिकअप वाहन का इंतजाम किया। इसके बाद हुंगाराम दंतेवाड़ा पहुंचा और घर में घुसकर रामदई का मुंह और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को सफेद प्लास्टिक की बोरी में भरकर पिकअप वाहन से ग्राम तोयलंका ले जाया गया, जहां घर के पीछे नाले किनारे दफना दिया गया। कमली की निशानदेही पर पुलिस ने दंडाधिकारी, फोरेंसिक टीम और गवाहों की मौजूदगी में खुदाई करवाई। मौके से बोरे में बंद कंकाल बरामद किया गया, जिसे पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस ने कमली करटम और लक्ष्मी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी हुंगाराम उर्फ बुटू करटम फरार है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।












