
डेस्क खबर खुलेआम
गणेश भोय जिला ब्यूरो जशपुर
जशपुर में सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां शराब पीने ले गए अपने ही दोस्त पर चाकू से हमला करने के बाद आरोपी ने राह चलते एक 15 वर्षीय नाबालिग की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।मामले में प्रार्थी दीपक कुमार भगत निवासी गाढ़ा टोली ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 मई 2026 की दोपहर करीब 2:30 बजे उसका भांजा कृष्णा भगत (15 वर्ष) नहाने के लिए बाकी नाला धोबी घाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान आरोपी सचिन राम ने बिना किसी बात के उसे जमीन पर पटक दिया और हाथ, लात व मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की। हमले में किशोर के गले, चेहरे और कनपटी पर गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।इसी दौरान एक अन्य युवक सूरज रजक ने भी थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि आरोपी सचिन राम उसे शराब पीने के बहाने मोटरसाइकिल से ग्राम कोमडो ले गया। वहां मंदिर के पास आरोपी ने “मेरा लड़ने का मन कर रहा है” कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने पास रखे चाकू से सूरज की पीठ व माथे पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान सूरज ने चाकू छीनने की कोशिश की, जिससे चाकू आधा टूट गया। इसके बाद वह मंदिर में छिपकर अपनी जान बचाई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपी सचिन राम के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पहुंचकर जांच की, शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया तथा घायल युवक का उपचार करवाया।घटना के बाद से फरार आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने भागलपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली मोरध्वज देशमुख सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि हत्या और चाकूबाजी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।













