
डेस्क खबर खुलेआम
विशेष संवाददाता बिलासपुर
बिलासपुर। जिले में अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सरकंडा थाना पुलिस और ACCU टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 90 किलो गांजा के साथ 8 महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाएं इलेक्ट्रिक ऑटो के जरिए गांजे की तस्करी कर रही थीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में गांजा बिलासपुर से सीपत की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस और ACCU टीम ने सीपत रोड पर घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान दो संदिग्ध इलेक्ट्रिक ऑटो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ऑटो में रखी 8 बोरियों और कपड़ों के गट्ठरों से करीब 90 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से ऑटो में सवार 8 महिलाओं को हिरासत में लिया। पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे गांजा रेलवे स्टेशन बिलासपुर से सीपत ले जा रही थीं। सभी आरोपी महिलाएं मटियारी गांव की निवासी बताई जा रही हैं। गांजा तस्करी करतीं ये महिलाएं गिरफ्तार गिरफ्तार महिलाओं में अशोक बाई, नंद कुमारी, लक्ष्मी शिकारी, द्रोपती शिकारी, ग्यास बाई, गंगा सिंह, रम्मती शिकारी और इंद्राणी शामिल हैं। सभी सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मटियारी की रहने वाली हैं। अब सरगना तक पहुंचने की कोशिश पुलिस अब महिलाओं से पूछताछ कर ओडिशा और बिलासपुर के लोकल नेटवर्क से जुड़े सरगनाओं तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गांजा समेत दो इलेक्ट्रिक ऑटो जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 46 लाख 75 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की आगे जांच की जा रही है।













