

डेस्क खबर खुलेआम
जशपुर। कांसाबेल स्थित नवीन शासकीय महाविद्यालय में वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सालिक साय, जिला पंचायत अध्यक्ष जशपुर ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।इस अवसर पर अलोक सारथी, जिला मंत्री भाजपा जशपुर, शिप्रा दास, जनपद पंचायत सदस्य, केशव पांडे, मंडल महामंत्री कांसाबेल, मंडल उपाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, सरपंच अनिल खलखो, उपसरपंच अमित जिंदल, सांतनु गर्ग, नारायण दास एवं अरविंद स्वर्णकार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

वार्षिक उत्सव के दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और भारतीय संस्कृति पर आधारित नृत्य, गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। तालियों की गड़गड़ाहट से सभागार गूंज उठा और कार्यक्रम का माहौल उत्सवमय बन गया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि सालिक साय ने कहा कि वार्षिक उत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उनके सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होते हैं। वहीं अलोक सारथी ने सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय परिवार को बधाई देते हुए शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों के महत्व पर भी प्रकाश डाला। समापन अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी अतिथियों का सम्मान किया गया और कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों के बीच उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।












