

खबर खुलेआम
रायगढ़, 17 फरवरी। जिले में कबाड़ खरीदी की आड़ में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह पर तमनार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में चोरी, मोटरसायकल चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जानकारी के अनुसार 15 फरवरी 2026 को ग्राम गारे निवासी विनोद राठिया (44 वर्ष) ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी जमीन पर बने लोहे के शेड से अज्ञात चोर आलवेस्टर सीट और लोहे के पाइप उखाड़कर ले गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 35/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में कबाड़ का कार्य करने वालों से सघन पूछताछ शुरू की। जांच के दौरान वशीकूल इस्लाम और जयराम बेहरा पर संदेह गहराया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने ग्राम गारे माइंस क्षेत्र के पास स्थित शेड से चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर चोरी गया आलवेस्टर सीट और लोहे के पाइप, कुल कीमत लगभग 30 हजार रुपये, बरामद कर जप्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी वशीकूल इस्लाम (46 वर्ष) मूल निवासी मुर्शीदाबाद (पश्चिम बंगाल) तथा वर्तमान निवासी तमनार है, जबकि जयराम बेहरा (45 वर्ष) खम्हरिया, थाना तमनार का निवासी है। दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, एएसआई शशिदेव भोय, प्रधान आरक्षक अनूप कुजूर, हेम प्रकाश सोन, पुष्पेन्द्र सिदार एवं थाना स्टाफ की टीम द्वारा की गई।












