

डेस्क खबर खुलेआम
गणेश भोय जिला ब्यूरो
जशपुर।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व और दिशा-निर्देशन में नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन आघात लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में थाना नारायणपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 55 लाख 50 हजार रुपये कीमत का अवैध गांजा जब्त कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 20 जनवरी 2026 की तड़के करीब 03 से 04 बजे के बीच थाना नारायणपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की क्रेटा कार (क्रमांक UP-32-HF-0299) में अवैध मादक पदार्थ गांजा छुपाकर कुनकुरी मार्ग से होते हुए नारायणपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है।सूचना मिलते ही थाना नारायणपुर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना बगीचा पुलिस के साथ ग्राम रानीकोंबो के मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान कुनकुरी की ओर से आती संदिग्ध क्रेटा कार को घेराबंदी कर रोका गया।कार की तलाशी लेने पर बीच की सीट के नीचे और डिक्की में कारपेट के नीचे छुपाकर रखा गया पीले टेप से लिपटा कुल 180 पैकेट अवैध गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे का कुल वजन 01 क्विंटल 85 किलो 42 ग्राम पाया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 55 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम1. शान मोहम्मद उर्फ सानू (22 वर्ष) निवासी जगदीशपुर, मानपुरलाल, लखनऊ (उत्तर प्रदेश)2. सुहैल अहमद (19 वर्ष) निवासी सरौरकला, कमलापुर, थाना सीतापुर, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश)बताया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उक्त गांजा उड़ीसा के मलकानगिरी से लेकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे।दोनों तस्करों की निशानदेही पर पुलिस ने लखनऊ के एक तीसरे तस्कर की पहचान भी कर ली है, जिसे शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की कार्रवाई जारी है। आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं, जिनके डाटा की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना नारायणपुर में धारा 20(बी)(2)(सी) नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस मामले में एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन आघात लगातार जारी है और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।











