

डेस्क खबर खुलेआम
गणेश भोय जिला ब्यूरो जशपुर
जशपुर।जिले में अवैध धान परिवहन के विरुद्ध जशपुर पुलिस की लगातार जारी कार्रवाई के तहत एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिनांक 18 जनवरी 2026 को चौकी सोनक्यारी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 25 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार चौकी सोनक्यारी पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम रेमने के जंगल के ग्रामीण रास्ते से होकर एक सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक JH-07-E-3510 भारी मात्रा में धान लेकर गुजर रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें 59 बोरियों में कुल 25 क्विंटल धान लोड मिला। पूछताछ के दौरान पिकअप चालक ने अपना नाम विकास यादव (उम्र 25 वर्ष) निवासी ग्राम सोनक्यारी बताया, जो दुकानदारी का कार्य करता है। चालक ने बताया कि उक्त धान उसने झारखंड से खरीदा था और तलासिली के एक किसान के नाम से टोकन लेकर धान उपार्जन केंद्र में खपाने की तैयारी में था। हालांकि पुलिस द्वारा जब धान से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।इस पर पुलिस ने पिकअप वाहन सहित 56 बोरियों में भरे 25 क्विंटल धान को जब्त कर आगे की कार्रवाई हेतु जिला प्रशासन को सौंप दिया है।इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सोनक्यारी सहायक उप निरीक्षक वैभव सिंह, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, आरक्षक विमल मिंज एवं मशीह तिर्की की विशेष भूमिका रही।मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस अवैध धान परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। सोनक्यारी क्षेत्र से एक पिकअप वाहन से 25 क्विंटल धान जब्त किया गया है और आगे भी धान खपाने वाले बिचौलियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।











