

डेस्क खबर खुलेआम
अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130) पर स्थित ग्राम भिट्ठीकला में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार और बेकाबू स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे पैदल चल रही महिलाओं को कुचल दिया, जिससे तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। एक युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है।भीड़भाड़ के बीच हुआ हादसाजानकारी के अनुसार, भिट्ठीकला में रविवार को साप्ताहिक बाजार लगता है, जिससे सड़क के दोनों ओर भारी भीड़ रहती है। शाम के समय महिलाएं बाजार से घर लौट रही थीं, तभी अंबिकापुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन भीड़ में घुस गया। अनियंत्रित स्कॉर्पियो लोगों को कुचलते हुए आगे बढ़ी और सामने से आ रही ट्रक से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

दर्दनाक हादसे में जोगीबांध निवासी रामबाई (50), मुन्नी बाई (40) और श्यामपति (40) की मौके पर ही मौत हो गई। ये सभी महिलाएं बाजार से घर लौट रही थीं। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद चालक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। चालक पारस राजवाड़े, जो ग्राम रामपुर का निवासी बताया जा रहा है, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया था , जिससे यातायात प्रभावित हो गया था । गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

घटना पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक ब्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति सवेदना ब्यक्त कि है













