
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर। राजधानी रायपुर में 50 किलोग्राम गांजा और 2 लाख रुपये की नकदी बरामदगी के चर्चित मामले में पुलिस ने तस्करी नेटवर्क से जुड़े दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच के आधार पर मयूर राजेन्द्र देसले और अनुराग सोनी को गिरफ्तार कर गिरोह की कड़ी उजागर की है। इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।


पुलिस के अनुसार, 14 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे खाली मैदान में छापेमारी कर चारपहिया वाहन से 50 किलोग्राम गांजा और 2 लाख रुपये नकद जब्त किए गए थे। मौके से हृषिकेश उर्फ ऋषि सरोज और हिमांशु दामले को गिरफ्तार किया गया था। बाद में जांच के दौरान राजकिशोर बेहरा उर्फ मिलन और रंजित उर्फ मयूर डिगल को भी गिरफ्तार किया गया।आगे की विवेचना में सामने आया कि मयूर राजेन्द्र देसले गांजा तस्करी के लिए इस्तेमाल होने वाला वाहन उपलब्ध कराता था और इसके एवज में कमीशन लेता था। वहीं अनुराग सोनी उड़ीसा से गांजा लाकर ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करता था तथा इस नेटवर्क में पैडलर के रूप में सक्रिय था।पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(सी) एवं 29 में कार्रवाई की गई है।रायपुर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।








