
डेस्क खबर खुलेआम
कोरबा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसमे 5 सितम्बर को दोपहर तीन बच्चों की तालाब में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि तीनों मृतक पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिस कर्मियों के बच्चे है। इस घटना की जानकारी मिलते ही कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी घटनास्थल पर पहुंचे। तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिया गया है। उधर इस घटना की जानकारी के बाद पुलिस लाइन में मातम का माहौल है। जानकारी के मुताबिक घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिस परिवार के बच्चे आज स्कूल की छुट्टी होने के कारण रिसदी स्थित तालाब में नहाने गये थे। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान तीन बच्चे एकाएक तालाब की गहराई में चले गये और डूबने लगे। देखते ही देखते तीनों बच्चे तालाब में डूब गये। डूबकर मरने वाले बच्चोें में 9 वर्षीय युवराज ठाकुर, 12 वर्षीय प्रिंस जगत और 13 वर्षीय आकाश लकड़ा शामिल है। उधर इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। गोताखोरो की मदद से तीनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिद्धार्थ तिवारी भी मौके पर पहुंचे। बच्चों के शव मिलने के बाद पीड़ित पुलिस कर्मियों के साथ ही पूरे पुलिस महकमें में शोक की लहर दौड़ गयी। पुलिस ने तीनों बच्चों के शव का पंचनामा कर मर्ग कायम कर लिया है।
