
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर जिले के तिल्दा थाना क्षेत्र के सासाहोली गांव में बड़ी घटना सामने आई है जिसमे दोस्तों के बीच महज एक-दूसरे को “मोटा” कहकर चिढ़ाने से शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। 10वीं कक्षा के दो सहपाठियों के बीच लंबे समय से चल रही नाराजगी शुक्रवार को इस कदर बढ़ गई कि एक छात्र की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती है। जानकारी के अनुसार, सासाहोली निवासी अमन यदु (16 वर्ष) और उसका 15 वर्षीय सहपाठी एक ही स्कूल में पढ़ते थे। दोनों पहले अच्छे दोस्त थे, लेकिन कुछ माह पहले बोर्ड परीक्षा के दौरान आरोपी छात्र द्वारा अमन को “मोटा” कहकर चिढ़ाने के बाद दोनों के संबंधों में खटास आ गई थी। यह मामूली विवाद धीरे-धीरे गहरी दुश्मनी में बदल गया। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद अमन ने रास्ते में आरोपी छात्र को रोककर पुराने विवाद को लेकर बहस शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर अमन ने अपने पास रखे सब्जी काटने वाले चाकू से सहपाठी के गले पर वार कर दिया। हमले में घायल छात्र ने किसी तरह अमन के हाथ से चाकू छीन लिया और गुस्से में उसी हथियार से पलटवार कर दिया। उसने अमन के सीने और गर्दन पर कई वार किए। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण अमन मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के पीछे की परिस्थितियों को खंगाल रही है।













