
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस की सख्ती से गांजा तस्करों पर शिकंजा कसता जा रहा है। इसी क्रम में थाना गंज पुलिस ने एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 6 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस उपायुक्त मध्य जोन उमेश प्रसाद, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल एवं सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा के निर्देशन में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस टीमों द्वारा लगातार पेट्रोलिंग, मुखबिर तंत्र सक्रिय कर सूचना संकलन और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।इसी दौरान 6 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक्सप्रेस-वे रोड, चूनाभट्ठी क्षेत्र में एक व्यक्ति पिट्ठू बैग में गांजा रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना गंज पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रामदास (39 वर्ष) पिता स्वर्गीय चुन्नु, निवासी रतौली, थाना बिवांर, जिला हमीरपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। पुलिस द्वारा उसके पास मौजूद डार्क ग्रे रंग के बैग की तलाशी लेने पर उसमें प्लास्टिक में पैक किया गया गांजा बरामद हुआ।तौल करने पर बरामद गांजे का कुल वजन 5 किलो 990 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 59 हजार 800 रुपये बताई गई है। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।थाना गंज में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 172/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से लाया था और रायपुर में किन लोगों को इसकी सप्लाई करने वाला था।गिरफ्तार आरोपी :रामदास पिता स्व. चुन्नु, उम्र 39 वर्ष, निवासी रतौली, थाना बिवांर, जिला हमीरपुर (उत्तर प्रदेश)।










