
खबर खुलेआम
रायगढ़, 1 मई 2026अदाणी पावर रायगढ़ के सीएसआर विभाग द्वारा संचालित अदाणी फाउंडेशन के “प्रोजेक्ट उत्थान” के तहत 18 से 24 अप्रैल तक बड़े भंडार, सुपा और बुनगा संकुल क्षेत्र के 25 शासकीय विद्यालयों में सात दिवसीय समर कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस कैंप में 19 प्राथमिक और 6 माध्यमिक विद्यालयों के कुल 541 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समर कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक क्षमता, आत्मविश्वास और व्यवहारिक कौशल को विकसित करना रहा। इस दौरान वर्ड मेकिंग, इंग्लिश डबल वर्ड, नंबर रिकॉग्निशन और स्टोरी टेलिंग जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की भाषा दक्षता, संप्रेषण कौशल और स्मरण शक्ति को निखारा गया। लीफ आर्ट, क्ले मॉडलिंग, कठपुतली निर्माण और बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट जैसी गतिविधियों में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी सृजनात्मक सोच का शानदार प्रदर्शन किया। 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस के अवसर पर नारा लेखन, पेंटिंग और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए स्वयं बर्ड फीडर तैयार किए, जो प्रकृति के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है।

25 अप्रैल को आयोजित मेगा समर कैंप के समापन समारोह में 100 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम में कहानी वाचन, फ्रूट चाट मेकिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सराहनीय बताया। प्रोजेक्ट उत्थान” के अंतर्गत इस समर कैंप की अगली कड़ी जून माह के प्रथम सप्ताह में, स्कूल खुलने से पहले आयोजित की जाएगी, जिससे और अधिक बच्चों को इस पहल का लाभ मिल सकेगा।














