

खबर खुलेआम
पाकरगांव में विकसित भारत गारंटी रोजगार फॉर आजीविका मिशन का भव्य मंडल स्तरीय सम्मेलन संपन्न
पत्थलगांव। ग्राम पाकरगांव में शुक्रवार को विकसित भारत गारंटी रोजगार फॉर आजीविका मिशन के अंतर्गत मंडल स्तरीय सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विकसित भारत अभियान के जिला संयोजक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण करने के बाद मंचासीन अतिथियों का पुष्पहारों से आत्मीय स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि सालिक साय ने अपने संबोधन में कहा कि रोज़गार और आजीविका ही विकसित भारत की नींव हैं। इस मिशन का मूल उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर रोज़गार के अवसर सृजित कर लोगों को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से ग्रामीण युवाओं, महिलाओं, किसानों और श्रमिकों को उनके ही गांव में काम उपलब्ध कराकर शहरों की ओर हो रहे पलायन को रोकने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है। कृषि आधारित गतिविधियाँ, पशुपालन, कुटीर व लघु उद्योग, स्वयं सहायता समूह, स्वरोज़गार, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण के जरिए युवाओं को रोज़गारोन्मुख बनाया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ राज्य अंतर्व्यवसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सुरेंद्र बेसरा ने कहा कि विकसित भारत गारंटी रोजगार फॉर आजीविका मिशन केवल एक योजना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत का सशक्त संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह मिशन हर हाथ को काम और हर परिवार को सम्मानजनक आजीविका देने की दिशा में प्रभावी माध्यम बना है। कौशल विकास, स्वरोज़गार और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से देश की अर्थव्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूती मिल रही है। जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल ने कहा कि यदि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है, तो मजबूत और टिकाऊ रोजगार व्यवस्था अनिवार्य है। यह मिशन स्थानीय रोजगार सृजन, स्टार्टअप संस्कृति और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देता है। महिला स्वयं सहायता समूह और युवाओं का कौशल प्रशिक्षण इसके सशक्त उदाहरण हैं। मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल ने कहा कि यह मिशन युवाओं को कौशल, महिलाओं को सशक्तिकरण और ग्रामीण भारत को स्थायी आजीविका प्रदान कर रहा है। यह प्रत्येक भारतीय के आत्मसम्मान और स्वावलंबन का प्रतीक है। कार्यक्रम में भाजपा ग्रामीण मंडल प्रभारी हरजीत सिंह भाटिया, उपाध्यक्ष सुनील गर्ग, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल मित्तल, नगर पालिका उपाध्यक्ष अजय बंसल, संजय लोहिया, भुनेश्वरी बेहरा, मंडल कोषाध्यक्ष सुरेश साहू, संतोषी भारद्वाज, सरपंच गरीब बड़ा, सरपंच पटेल टोप्पो, अनिता राजपूत, जितेंद्र अग्रवाल, श्यामनारायण गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।













