
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर। राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में सूने मकान से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले नाबालिग सहित दो आरोपियों को पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर करीब 3 लाख रुपये मूल्य के चोरी गए सभी जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, हाण्डीपारा निवासी कांति साहू 5 जुलाई को घर में ताला लगाकर पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम नकटी गई थीं। अगले दिन लौटने पर मकान का मुख्य दरवाजा और अलमारी का लॉकर टूटा मिला तथा उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे।

शिकायत पर आजाद चौक थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा आजाद चौक थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी मोहम्मद बिलाल (19) की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।पूछताछ में बिलाल ने एक विधि के साथ संघर्षरत बालक के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग को भी पकड़ लिया। दोनों की निशानदेही पर चोरी के सभी सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए गए।पुलिस ने बताया कि विधि के साथ संघर्षरत बालक के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास का मामला भी दर्ज है। दोनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।







