
डेस्क खबर खुलेआम
रायपुर। राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को 459 प्रतिबंधित Nitrosun-10 टैबलेट और बिक्री की नगदी के साथ गिरफ्तार किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.83 लाख रुपये आंकी गई है।पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खम्हारडीह थाना क्षेत्र के चंडी नगर स्थित गदयाही मंदिर के पास दो युवक प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सुनील बघेल (26) और सचिन महानंद (21) निवासी चंडी नगर, रायपुर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान बैग से 459 नग Nitrosun-10 प्रतिबंधित टेबलेट और बिक्री की 200 रुपये नगद बरामद हुए। पुलिस द्वारा दवाओं के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करने लगे।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 247/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) एवं 22 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि वे प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बस के माध्यम से ओडिशा से लाते थे। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के स्रोत और अन्य जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है। विस्तृत विवेचना जारी है।









