
डेस्क खबर खुलेआम
दुर्ग। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन और जवाबदेही के संकल्प के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रूपेश कुमार पाण्डेय को निलंबित कर दिया है। दुर्ग कलेक्टर की अनुशंसा पर दुर्ग संभाग के आयुक्त ने यह आदेश जारी किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुशासन तिहार के दौरान ग्राम थनौद में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में आम जनता के साथ कथित अशिष्ट व्यवहार और शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही का वीडियो सामने आया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने जांच की और संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। हालांकि प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई।आदेश में उल्लेख किया गया है कि अधिकारी का आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत पाया गया, जिसमें शासकीय सेवकों के लिए शिष्ट व्यवहार, कर्तव्यपरायणता और अनुशासन का पालन अनिवार्य बताया गया है।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पहले ही स्पष्ट किया है कि आम जनता के साथ दुर्व्यवहार और शासकीय कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी नीति के तहत यह कार्रवाई प्रशासनिक जवाबदेही और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।निलंबन आदेश जारी होने के बाद प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है और इसे जनता के प्रति संवेदनशील शासन की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।















