
खबर खुलेआम
धरमजयगढ़ वनमंडल के अंतर्गत छाल रेंज से हाथियों की सुरक्षा को लेकर एक चिंताजनक खबर सामने आई है। करीब 40 हाथियों के बड़े दल से एक शावक के बिछड़ने के बाद वन विभाग का मैदानी अमला उसे सुरक्षित वापस दल से मिलाने के प्रयास में जुटा हुआ था। इसी बीच अब दलदल में फंसे एक शावक हाथी का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज के सारसमार गॉव में शावक हाथी का शव मिला है हाथियों के बड़े दल से एक छोटे शावक के अलग होने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग सक्रिय हो गया था। शावक की सुरक्षा, भोजन और हाथियों के मुख्य दल से उसके पुनर्मिलन को लेकर वनकर्मी लगातार निगरानी कर रहे थे। विभागीय अमले ने बिछड़े शावक को हाथियों के दल से मिलाने के लिए प्रयास भी किए।लेकिन इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आई, जब कुछ दूरी पर दलदल में फंसे शावक हाथी का शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या मृत शावक वही है, जिसे वन विभाग ने हाथियों के दल से मिलाने का प्रयास किया था, या फिर यह किसी अन्य शावक का शव है ? फिलहाल, मामले की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और जांच की कार्रवाई में जुटी हुई है। मृत शावक की पहचान तथा उसकी मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दलदल में मिले शावक का बिछड़े हाथी से कोई संबंध है या नहीं। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा और हाथियों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






