
डेस्क खबर खुलेआम
गणेश भोय जिला ब्यूरो जशपुर
पत्थलगांव। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदागढ़ के मुरब्बाबाड़ी में एक पुलिस जवान का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक जवान की पहचान नरहरि पटेल के रूप में बताई जा रही है, जो कोरबा जिले की एसपी शाखा में तैनात थे।जानकारी के अनुसार, चंदागढ़ के मुरब्बाबाड़ी में जवान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर लटका हुआ मिला। घटनास्थल पर जवान की मोटरसाइकिल, एक लेडीज चुन्नी और उनका कार्ड भी पड़ा होने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।फिलहाल जवान की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, मौत के कारणों को लेकर अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।






